चांपाझरिया नाला पर बनेगा उच्च स्तरीय पुल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बड़ी सौगात, 4 करोड़ 36 लाख की लागत से होगा निर्माण, बरसात में नहीं थमेगा अब आवागमन…..

जशपुरनगर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जिलेवासियों को एक और बड़ी सौगात दी है।अब बोड़ाछापर चटकपुर मार्ग में चंपाझरिया नाला पर उच्च स्तरीय पुल का निर्माण किया जाएगा।इसके पुल के निर्माण के लिए 4 करोड़ 36 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है।निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।बरसात के दिनों में चंपाझरिया नाला उफान पर आ जाने से आवागमन पूरी तरह से बाधित हो जाता है। इस समस्या से सबसे अधिक परेशान स्थानीय ग्रामीण, छात्र-छात्राएँ और किसान होते हैं।पुल बनने से यह समस्या स्थायी रूप से खत्म हो जाएगी और लोगों को हर मौसम में सुरक्षित व निर्बाध आवाजाही की सुविधा मिलेगी।

पुल निर्माण होने से दर्जनों गांव को मिलेगा सीधा लाभ

इस पुल के निर्माण से कुनकुरी एवं दुलदुला क्षेत्र के दर्जनों गांव
कारीछापर, सारसबाहर, राजोटी, बेलघुटरी, रायकेरा, रामसागर और टेंगरा टुकु गांव के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। अब इन क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, बाजार और अन्य सुविधाओं तक आसानी से पहुंच मिल सकेगी। कृषि उपज और दैनिक जरूरतों का सामान भी बिना किसी बाधा के परिवहन हो सकेगा।ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा दी गई सौगात के लिए आभार जताते हुए कहा कि बरसों पुरानी उनकी बड़ी समस्या का समाधान अब होने जा रहा है। यह पुल उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला साबित होगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जनता की सुविधा और क्षेत्र का विकास उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुल का निर्माण पूरा होने पर क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी और विकास की रफ्तार और तेज होगी।यह पुल बनने से न केवल चंपाझरिया नाला बल्कि आसपास के कई गांवों को विकास की नई राह मिलेगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment