धमतरी, 23 मार्च 2026। धमतरी जिले के लिए 22 मार्च का दिन ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया, जब पहली बार गंगरेल बांध के शांत, विस्तृत और मनोहारी जल क्षेत्र में ‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ के अंतर्गत महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का सफल एवं भव्य आयोजन किया गया। प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण इस स्थल पर आयोजित प्रतियोगिता ने न केवल खेल प्रेमियों बल्कि आम नागरिकों के बीच भी उत्साह और रोमांच का अभूतपूर्व वातावरण निर्मित किया।
मचान हाट प्वाइंट से गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स प्वाइंट तक लगभग 1000 मीटर की दूरी में आयोजित इस प्रतिस्पर्धा में प्रतिभागियों ने अद्भुत गति, संतुलन, सामंजस्य और टीम वर्क का परिचय दिया। जल की लहरों पर नावों की तेज रफ्तार और प्रतिभागियों का समर्पण आयोजन को दर्शकों के लिए अत्यंत आकर्षक और रोमांचकारी बना रहा।
इस बहुप्रतीक्षित प्रतियोगिता में धमतरी सहित आसपास के जिलों कांकेर और बालोद से कुल 52 टीमों ने भाग लेकर इसे एक व्यापक क्षेत्रीय खेल आयोजन का स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक ओमकार साहू, महापौर रामू रोहरा एवं पूर्व विधायक रंजना साहू द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर अविनाश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
इस आयोजन की सबसे उल्लेखनीय और प्रेरणादायक विशेषता ग्रामीण अंचलों की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। ग्राम तिर्रा की चयन बाई, सुमन और दिनेश्वरी निधार ने पारंपरिक लकड़ी की नाव के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर न केवल अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया, बल्कि महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश भी दिया। सीमित संसाधनों के बावजूद उनका आत्मविश्वास, साहस और प्रतिस्पर्धा की भावना सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत बना।
प्रतियोगिता के परिणामों में बोट क्रमांक 04 के रोमार निषाद तिरी एवं जीतु निषाद ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। बोट क्रमांक 01 के सत्वंत मंडावी एवं मिथलेश मंडावी (कोलियारी) ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि बोट क्रमांक 10 के कोमल निषाद एवं महेश्वर कुरेटरी (तिर्रा) तृतीय स्थान पर रहे। इसके अतिरिक्त बोट क्रमांक 06 की पवनबाई निषाद एवं देवनबती निषाद को वेशभूषा के लिए तथा बोट क्रमांक 08 के रामनारायण नेताम एवं रिशीराम निषाद को सजावट के लिए विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।
विजेता टीमों को क्रमशः एक लाख रुपये, पचास हजार रुपये और पच्चीस हजार रुपये की नगद राशि एवं ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। वहीं वेशभूषा और सजावट के लिए ग्यारह हजार रुपये के विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए। महिला प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पंद्रह हजार, दस हजार और पांच हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कारों की भी घोषणा की गई, जो प्रशासन की सकारात्मक और समावेशी पहल को दर्शाता है।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अतिथियों द्वारा पौधरोपण किया गया। मत्स्य विभाग ने आठ मछुआ समितियों को आइस बॉक्स वितरित कर उनके व्यवसाय को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया। साथ ही जल क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वॉटर एंबुलेंस का शुभारंभ भी किया गया, जो भविष्य में ऐसे आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था को और सशक्त बनाएगा।
जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल क्षेत्र की सांस्कृतिक और पारंपरिक विरासत को सशक्त करते हैं, बल्कि पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्रदान करते हैं। कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेल, साहसिक गतिविधियों और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है, जिससे जिले की पहचान राज्य स्तर पर और अधिक मजबूत होगी।
‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ धमतरी जिले में जल पर्यटन, खेल और संस्कृति के समन्वित विकास का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया है। यह आयोजन भविष्य में गंगरेल क्षेत्र को छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकता है।




















