जशपुरनगर, 19 मार्च 2026।जिले के थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम प्रेमनगर केराडीह में हुए हत्या मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार महिला सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों के विरुद्ध थाना नारायणपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 190 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
प्रकरण के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 04 मार्च 2026 को प्रार्थिया पार्वती बाई, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम प्रेमनगर केराडीह, थाना नारायणपुर द्वारा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। प्रार्थिया ने बताया कि उसके तीन पुत्र हैं, जिनमें सबसे छोटा पुत्र सुनील राम ने लगभग 6 माह पूर्व थाना कांसाबेल क्षेत्र के ग्राम ढेंगुर जोर निवासी मीरा बाई के साथ प्रेम संबंध के चलते उसे भगाकर अपने साथ लाकर पत्नी के रूप में रखा था। प्रार्थिया स्वयं भी अपने छोटे पुत्र के साथ ही रहती थी।
घटना दिनांक 01 मार्च 2026, दिन रविवार को मृतक सुनील राम घर आया और अपनी मां को बताया कि उसकी पत्नी मीरा बाई एवं उसके रिश्तेदारों द्वारा उसके साथ मारपीट की गई है तथा उसकी पत्नी अपने परिजनों के साथ वापस चली गई है। घटना के दो दिन बाद शाम लगभग 05 बजे मृतक ने शरीर में अत्यधिक दर्द होने एवं प्यास लगने की शिकायत की। प्रार्थिया द्वारा उसे पानी पिलाया गया तथा हाथ-पैर की मालिश की गई, किंतु इसी दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
रिपोर्ट पर थाना नारायणपुर में मर्ग कायम कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटनास्थल का निरीक्षण एवं शव पंचनामा की कार्रवाई के उपरांत मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। डॉक्टर द्वारा जारी शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण शरीर में आई चोटों को बताया गया तथा इसे हत्यात्मक पाया गया। इसके आधार पर थाना नारायणपुर में बीएनएस की धारा 103(1), 190 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध आरोपियों की पतासाजी कर निम्न आरोपियों को हिरासत में लिया गया—
1. मीरा बाई, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम ढेंगुर जोर, थाना कांसाबेल, जिला जशपुर (छ.ग.)
2. मुनिया बाई, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम ढेंगुर जोर, थाना कांसाबेल, जिला जशपुर (छ.ग.)
3. मीना बाई, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम सराई टोली, थाना बगीचा, जिला जशपुर (छ.ग.)
4. पुष्पा बाई, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम टांगर बहरी, थाना कुनकुरी, जिला जशपुर (छ.ग.)
5. शंकर राम, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम टांगर बहरी, थाना कुनकुरी, जिला जशपुर (छ.ग.)
पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किया गया। उन्होंने बताया कि मृतक की पत्नी मीरा बाई ने ही अपने बहनों एवं जीजा को घटना दिनांक को ग्राम प्रेमनगर केराडीह बुलाया था। इस दौरान मृतक सुनील राम के साथ विवाद होने पर सभी आरोपियों ने मिलकर उसकी मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और बाद में उसकी मृत्यु हो गई।
आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
मामले की कार्यवाही एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में पुलिस टीम के उप निरीक्षक विवेक भगत, उप निरीक्षक संतोष तिवारी, सहायक उप निरीक्षक उमेश प्रभाकर, प्रधान आरक्षक उमेश मिंज, आरक्षक योगेश भगत, राजकुमार भगत तथा महिला आरक्षक अर्चना तिग्गा एवं मधु मीणा खाखा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
—




















