रायगढ़, 02 फरवरी 2026 / शहर में अनैतिक गतिविधियों पर लगातार शिकंजा कस रही रायगढ़ पुलिस ने केलो बिहार कॉलोनी में देह व्यापार के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में की गई इस सटीक कार्यवाही में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए आपत्तिजनक सामग्री व मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के स्पष्ट निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा के नेतृत्व में चक्रधरनगर थाना एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर केलो बिहार स्थित एक किराये के मकान पर निगरानी की गई, जहां बाहर से महिलाओं को लाकर देह व्यापार कराए जाने की पुष्टि हुई।
सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस द्वारा पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर मौके पर भेजा गया। जैसे ही संकेत मिला, टीम ने तत्काल मकान की घेराबंदी कर दबिश दी। छापे के दौरान मकान के भीतर तीन महिलाएं, पाइंटर, मुख्य आरोपी डिंपी उर्फ राहुल इजारदार तथा एक अन्य व्यक्ति नागेंद्र विश्वकर्मा मौजूद पाए गए।
जांच में सामने आया कि आरोपी डिंपी इजारदार किराये के मकान में महिलाओं को पैसों का लालच देकर वेश्यावृत्ति कराता था। वह स्वयं इस पूरे अवैध धंधे का संचालन और प्रबंधन करता था तथा दलाली की भूमिका भी निभा रहा था। पूछताछ में सह-आरोपी नागेंद्र विश्वकर्मा ने भी इस गतिविधि से जुड़े होने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने मौके से देह व्यापार में प्रयुक्त सामग्री, पाइंटर द्वारा दी गई रकम एवं दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन को गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया है। मामले में थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 32/2026 दर्ज कर अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम की धारा 3, 4 व 5 के तहत वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
डिंपी उर्फ राहुल इजारदार (40 वर्ष), निवासी केलो बिहार, थाना चक्रधरनगर, रायगढ़
नागेंद्र विश्वकर्मा (35 वर्ष), निवासी गणेश चौक, थाना कोतरारोड, रायगढ़
इस कार्रवाई को लेकर एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने दो टूक संदेश देते हुए कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे अपराधों में लिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
बताया गया कि इस पूरी कार्रवाई में एडिशनल एसपी (साइबर) श्री अनिल विश्वकर्मा, चक्रधरनगर थाना व साइबर थाना के अधिकारी-कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।
























