जशपुरनगर, 24 जनवरी 2026/
जिला मुख्यालय जशपुर के रणजीता स्टेडियम में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से मनाने हेतु आज अंतिम रिहर्सल का आयोजन किया गया। रिहर्सल के दौरान समूह परेड, बैण्ड प्रदर्शन, शारीरिक व्यायाम, समूह नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गईं।
कलेक्टर श्री रोहित व्यास एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह ने रिहर्सल में उपस्थित रहकर कार्यक्रम की मिनट-टू-मिनट तैयारियों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री हरिओम द्विवेदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्री अमरजीत खूंटे एवं टू-आईसी उप निरीक्षक श्री खोमराज ठाकुर के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल (पुरुष एवं महिला), नगर सेना, एनसीसी, एनएसएस, शैक्षणिक संस्थानों एवं बैण्ड दल की कुल 15 टुकड़ियों द्वारा फाइनल रिहर्सल परेड प्रस्तुत की गई। स्कूली बच्चों ने आकर्षक पीटी परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अभ्यास किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यक्रम को गरिमामय, सादगीपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। रिहर्सल में मुख्य अतिथि का आगमन, ध्वजारोहण, मार्च-पास्ट एवं सलामी, मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा पुरस्कार वितरण की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।
26 जनवरी 2026 को आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास तथा 20 सूत्रीय कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा एवं परेड की सलामी ली जाएगी।
फाइनल रिहर्सल के दौरान अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रशांत कुशवाहा, एएसडीओपी श्री चन्द्रशेखर परमा सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री डी.आर. राठिया एवं श्री जयेश सौरभ टोपनो द्वारा किया गया।
























