जशपुरनगर, 25 मार्च 2026। चैत्र रामनवमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री निवास बगिया में आयोजित चार दिवसीय श्री रामनवमी महायज्ञ का बुधवार को भव्य कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। इस दौरान पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।
कलश यात्रा मुख्यमंत्री निवास बगिया से प्रारंभ होकर नदी तट तक पहुंची और पुनः यज्ञ स्थल तक लौटी। इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं। भजन-कीर्तन और ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय विशेष रूप से उपस्थित रहीं। वहीं, कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के भी शामिल होने की जानकारी दी गई है। आयोजन को लेकर बगिया सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
इस धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन मुख्यमंत्री के भाई जयप्रकाश साय एवं उनकी धर्मपत्नी द्वारा विधि-विधान से किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत पहले दिन मूर्ति स्थापना के साथ पूजा, हवन, आरती, लीला एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया।
आगामी कार्यक्रमों की श्रृंखला में 26 मार्च को पूजन, हवन, आरती, प्रवचन एवं भजन-कीर्तन, 27 मार्च को विशेष पूजन, नवकन्या पूजन, पूर्णाहुति एवं रात्रि में भव्य लीला, तथा 28 मार्च को सहस्त्रधारा स्नान, आशीर्वाद, मूर्ति विसर्जन एवं प्रसाद वितरण के साथ महायज्ञ का समापन होगा।
ग्राम बगिया के यज्ञ स्थल पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के साथ-साथ ओडिशा, झारखंड और मध्यप्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। आयोजन का संचालन धर्म संस्थापक परम पूज्य स्वामी धनपति पण्डा जी महाराज (गुरुधाम मुंडियापानी, लैलूंगा, रायगढ़) के आशीर्वाद में किया जा रहा है।
श्रीमती कौशल्या साय ने बताया कि चैत्र नवरात्रि के अवसर पर यह महायज्ञ वर्ष 1993 से निरंतर आयोजित किया जा रहा है, जो क्षेत्र की आस्था और परंपरा का प्रतीक बन चुका है। चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में भक्ति संगीत, कथा-प्रवचन और विविध धार्मिक अनुष्ठानों से बगिया पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा।




















