जशपुर: ‘पुलिस सैलरी पैकेज’ के तहत दिवंगत आरक्षक के परिवार को 1 करोड़ रुपये की बीमा सहायता

जशपुर, 13 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी “पुलिस सैलरी पैकेज” योजना के अंतर्गत जशपुर जिले में पदस्थ रहे दिवंगत आरक्षक स्वर्गीय रमेश बड़ा के परिवार को बड़ी आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। योजना के तहत उनकी पत्नी सोलमा बाई को भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से 1 करोड़ रुपये की जीवन बीमा सहायता राशि का चेक सौंपा गया।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर में आयोजित कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने भारतीय स्टेट बैंक जशपुर के मुख्य प्रबंधक समीर कुमार, वरिष्ठ सहायक संदीप कुमार सिंह तथा गौतम कुमार झा की उपस्थिति में दिवंगत आरक्षक की पत्नी और उनके परिजनों को चेक प्रदान किया।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों ने परिजनों को प्राप्त राशि के सुरक्षित और समुचित उपयोग के संबंध में जानकारी देते हुए फंड मैनेजमेंट के बारे में भी विस्तार से समझाया, ताकि भविष्य में इस राशि का सही और सुरक्षित उपयोग किया जा सके।

गौरतलब है कि स्वर्गीय रमेश बड़ा रक्षित केंद्र जशपुर में पदस्थ थे। उनकी 6 अगस्त 2025 को एक दुर्घटना में आकस्मिक मृत्यु हो गई थी। उन्होंने 8 जनवरी 1995 को अविभाजित मध्यप्रदेश के गुना जिले से आरक्षक के रूप में पुलिस सेवा की शुरुआत की थी और लंबे समय तक विभाग में अपनी सेवाएं दीं।

इस अवसर पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन की “पुलिस सैलरी पैकेज” योजना पुलिस परिवारों के लिए एक सुरक्षा कवच की तरह कार्य करती है। योजना के तहत ड्यूटी के दौरान या दुर्घटना में मृत्यु होने पर नामांकित सदस्य को 1 करोड़ रुपये तक का बीमा कवर, जबकि सामान्य मृत्यु की स्थिति में 10 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है।

उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से अपील की कि वे अपने वेतन खाते को एसबीआई के पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत पंजीकृत रखें और नामांकन संबंधी जानकारी समय-समय पर अपडेट करते रहें, ताकि विपरीत परिस्थितियों में उनके परिवार को योजना का लाभ मिल सके।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment