जशपुर: होली पर्व के मद्देनजर सन्ना थाना पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आई। क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से थाना प्रभारी संतोष सिंह के नेतृत्व में सन्ना बस स्टैंड सहित प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन गश्त और वाहन जांच अभियान चलाया गया।
बस स्टैंड में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। बाहर से आने-जाने वाले लोगों की निगरानी की गई, वहीं असामाजिक तत्वों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अभियान के दौरान दोपहिया वाहनों में ट्रिपल सवारी करने वालों पर कार्रवाई की गई। बिना हेलमेट वाहन चलाने, आवश्यक दस्तावेज साथ न रखने तथा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों को रोककर चालानी कार्रवाई की गई। इसके साथ ही शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

थाना प्रभारी संतोष सिंह ने कहा कि होली जैसे प्रमुख त्योहार पर पुलिस की प्राथमिकता आम नागरिकों की सुरक्षा है। हुड़दंग, नशे में वाहन संचालन और शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग जारी रहेगी।
सन्ना थाना क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि होली का पर्व उल्लास और सौहार्द के साथ मनाएं, नियमों का पालन करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।






















