जशपुर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम आयोजित, मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त जारी की

जशपुर, 8 मार्च 2026। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जशपुर के मंत्रणा भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें जिले के 423 हितग्राही शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 21 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को मुख्य अतिथि द्वारा श्रीफल, शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रतीकात्मक रूप से 5 हितग्राहियों को भी प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बस्तर से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े। उन्होंने महिलाओं से संवाद करते हुए महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त हितग्राहियों के खाते में जारी की तथा उन्हें शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम के दौरान महतारी वंदन योजना की 20 हितग्राही महिलाओं ने भी योजना से मिली राशि का उपयोग स्व-रोजगार और घरेलू आवश्यकताओं में किस प्रकार किया, इस संबंध में अपने अनुभव उत्साहपूर्वक साझा किए।

मुख्य अतिथि माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष शंभुनाथ चक्रवर्ती ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं का योगदान हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सहयोग के बिना समाज का अस्तित्व संभव नहीं है और आज महिलाएं देश के सर्वोच्च पद से लेकर गांव की पंचायत तक अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

कार्यक्रम में नगर पालिका जशपुर के अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत जशपुर के अध्यक्ष गंगाराम भगत, राजू गुप्ता, रमाशंकर गुप्ता, नीतू गुप्ता, आशुतोष राय, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू, महिला एवं बाल विकास अधिकारी अजय शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment