जशपुर: Buddy–Buddy पहल से आंगनबाड़ी बच्चों को स्कूल वातावरण से जोड़ने की अनूठी पहल, 4 से 6 वर्ष के बच्चों को मिला सहज शिक्षण अनुभव

जशपुर, 21 मार्च 2026। जिले में बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा से जोड़ने और स्कूल के प्रति सहज माहौल तैयार करने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग एवं स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘बाल मैत्री’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देशन में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम के तहत जिले के सभी 17 परियोजनाओं के 118 सेक्टरों के आंगनबाड़ी केंद्रों में 4 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को निकटतम प्राथमिक शालाओं का एक दिवसीय भ्रमण कराया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों को प्रारंभिक अवस्था में ही विद्यालयीन वातावरण से परिचित कराना और उनके अंदर सीखने की रुचि विकसित करना है।

आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को सहज एवं अनौपचारिक वातावरण में खेल आधारित गतिविधियों के माध्यम से शिक्षा दी जा रही है। बच्चों को आंगनबाड़ी से स्कूल में ट्रांजिशन के दौरान होने वाली समस्याओं—जैसे भाषा समझने में कठिनाई, नए माहौल में असहजता—को ध्यान में रखते हुए इस कार्यक्रम को विशेष रूप से डिजाइन किया गया है।

कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनबाड़ी के बड़े बच्चों को छोटे बच्चों के साथ जोड़कर ‘Buddy–Buddy (बाल मैत्री)’ पहल लागू की गई, जिससे बच्चे एक-दूसरे के साथ घुलमिल सकें और स्कूल के वातावरण को सहजता से अपना सकें। इस पहल का संचालन महिला एवं बाल विकास विभाग और शिक्षा विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।

इस नवाचार का उद्देश्य न केवल बच्चों को विद्यालय के लिए तैयार करना है, बल्कि उनमें मित्रता, सहयोग और आपसी समझ जैसे सामाजिक गुणों का भी विकास करना है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment