जशपुर, 24 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा में पारित राज्य बजट को लेकर जशपुर जिले में उत्साह का माहौल है। जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने बजट को संतुलित, समावेशी और दूरदर्शी बताते हुए कहा कि यह वनांचल और जनजातीय अंचलों के विकास की नई इबारत लिखेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बजट में जशपुर को मिली सौगातें जिले के लिए “संजीवनी” साबित होंगी।
उच्च शिक्षा और तकनीकी संस्थानों को बढ़ावा
बजट में जशपुर के सरकारी कॉलेज में “सेंटर ऑफ एक्सीलेंस” की स्थापना का प्रावधान किया गया है, जिससे स्थानीय विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी। इसके साथ ही जिले में सीजीआईटी संस्थान खोलने का निर्णय तकनीकी शिक्षा को नई दिशा देगा।
बागबहार में नए कॉलेज भवन निर्माण की स्वीकृति भी जिले के शैक्षणिक ढांचे को मजबूत करेगी।
पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहर पर फोकस
होम स्टे योजना के विस्तार से स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों को पर्यटन आधारित रोजगार के अवसर मिलेंगे। ईब नदी तट पर स्थित कोतेबिरा शिव धाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की घोषणा से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा निवेश
जशपुर की स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए कुनकुरी सहित अन्य मेडिकल कॉलेजों के सुचारू संचालन हेतु 50 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया गया है। साथ ही, जशपुर में जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना से स्वास्थ्य क्षेत्र में नए रोजगार अवसर सृजित होंगे।
सड़क, सिंचाई और कृषि को मजबूती
आगडीह से नीमगांव तक सड़क निर्माण की स्वीकृति से दर्जनों गांवों की कनेक्टिविटी सुधरेगी। पंमशाला एनीकट में लिफ्ट सिंचाई योजना लागू होने से किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी।
औद्योगिक और खेल क्षेत्र में नई पहल
पत्थलगांव के बनगांव बी में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा, जिससे स्वरोजगार और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। कुनकुरी के ग्राम गोरिया में ग्लेजिंग यूनिट की स्थापना भी स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ाएगी।
इसके अलावा, जिले में अत्याधुनिक तीरंदाजी अकादमी खोले जाने की घोषणा से खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने कहा कि यह बजट केवल घोषणाओं का दस्तावेज नहीं, बल्कि जशपुर के समग्र विकास का रोडमैप है, जो शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और पर्यटन सभी क्षेत्रों को नई दिशा देगा।




















