जशपुरनगर, 26 जनवरी 2026/ 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज कलेक्टोरेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगान किया गया तथा संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता के प्रति निष्ठा व्यक्त की गई।
मंत्रणा सभा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कहा कि भारत का संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा है। उन्होंने कहा कि समानता, न्याय और बंधुत्व के संवैधानिक मूल्यों को व्यवहार में उतारना प्रत्येक शासकीय सेवक का दायित्व है। ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ किया गया कार्य ही सच्ची राष्ट्रसेवा है।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार ने कहा कि सुशासन प्रदान करना प्रशासन का मूल उद्देश्य है तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना सिविल सेवकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों द्वारा देशभक्ति से प्रेरित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रशांत कुशवाहा, श्री हरिओम द्विवेदी सहित कलेक्टोरेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
—
कलेक्टर निवास में भी मनाया गया गणतंत्र दिवस
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कलेक्टर निवास में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उपस्थित कर्मियों द्वारा राष्ट्रगान किया गया। कलेक्टर श्री व्यास ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू, डिप्टी कलेक्टर श्री हरिओम द्विवेदी सहित कलेक्टर निवास में कार्यरत कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
























