जशपुर, 25 फरवरी 2026। शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसके जीवन में ठोस बदलाव ला रही हैं। विशेषकर दिव्यांगजनों के लिए संचालित योजनाएं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर प्रदान कर रही हैं।
इसी क्रम में बगीचा विकासखंड के ग्राम खेड़ार निवासी श्री शनिचर टोप्पो को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई। कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देश पर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनोद सिंह ने यह सहायक वाहन प्रदान किया। यह सहायता उनके लिए नई शुरुआत साबित हो रही है।
उल्लेखनीय है कि नागपुर में हुई एक दर्दनाक रेल दुर्घटना में श्री टोप्पो के दोनों पैर कट गए थे। इस हादसे के बाद उनका जीवन अत्यंत कठिन हो गया था। रोजमर्रा के कार्य, आवागमन और रोजगार जैसी सामान्य गतिविधियां भी उनके लिए चुनौती बन गई थीं। ऐसे समय में शासन की यह पहल उनके लिए संबल बनकर सामने आई।
मोटराइज्ड ट्राई साइकिल मिलने के बाद अब वे स्वयं एक स्थान से दूसरे स्थान तक आसानी से आ-जा पा रहे हैं। इससे उनकी दूसरों पर निर्भरता कम हुई है और आत्मसम्मान के साथ जीवन यापन का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
श्री शनिचर टोप्पो ने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से उनका जीवन काफी हद तक सुगम हो गया है। अब वे अपने दैनिक कार्य स्वयं करने के साथ सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभा पा रहे हैं।
यह पहल दर्शाती है कि प्रशासन समाज के कमजोर वर्गों के साथ संवेदनशीलता के साथ खड़ा है और उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए सतत प्रयासरत है।




















