जशपुर, 25 जनवरी 2026/ गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले में शांति, अनुशासन एवं गरिमामय वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा 26 जनवरी 2026 को संपूर्ण जशपुर जिले में “शुष्क दिवस (Dry Day)” घोषित किया गया है।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी जशपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार 26 जनवरी को जिले की सभी देशी एवं विदेशी मदिरा दुकानें, कंपोजिट मदिरा दुकानें तथा समस्त बार पूर्णतः बंद रहेंगे। इस अवधि में मदिरा का विक्रय, परिवहन, संधारण एवं परोसना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के अंतर्गत सख्त कार्रवाई की जाएगी। आदेश के पालन को सुनिश्चित करने के लिए आबकारी विभाग, पुलिस प्रशासन एवं संबंधित अधिकारी संयुक्त रूप से निगरानी करेंगे।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों, दुकानदारों एवं आम नागरिकों से आदेश का कड़ाई से पालन करने की अपील की है, ताकि राष्ट्रीय पर्व को शांतिपूर्ण, मर्यादित एवं सम्मानजनक ढंग से मनाया जा सके।
























