जशपुर, 09 मार्च 2026। जिले के कुनकुरी वनक्षेत्र अंतर्गत बगीचा रेंज में वन भूमि पर अवैध रूप से खेत बनाने के लिए की जा रही खुदाई पर वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन जब्त कर ली है। मामले में वन अपराध दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम टांगरटोली के दलाकीटोली नामक स्थान पर जेसीबी मशीन की मदद से वनभूमि में मिट्टी की खुदाई कर खेत निर्माण किया जा रहा था। इसकी सूचना मिलते ही वनमंडलाधिकारी जशपुर के निर्देश पर वन परिक्षेत्राधिकारी बगीचा और विभागीय टीम मौके पर पहुंची।

जांच के दौरान मौके पर जेसीबी मशीन (चेसिस क्रमांक THAR3KGPNV03347121) पाई गई, जिसके माध्यम से वन क्षेत्र में गहरी खुदाई कर खेत तैयार किया जा रहा था। मौके पर उपस्थित जेसीबी चालक ने पूछताछ में बताया कि मशीन के मालिक द्वारा उक्त जमीन को निजी भूमि बताते हुए खेत निर्माण के लिए खुदाई कराने को कहा गया था।
वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया और वन अपराध प्रकरण क्रमांक 21487/25 दिनांक 09.03.2026 दर्ज किया गया। जब्त मशीन को सुरक्षित रूप से बगीचा रेंज परिसर में रखा गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, खुदाई या निर्माण कार्य न करें। इस प्रकार की गतिविधियां वन संरक्षण अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध हैं। यदि कहीं ऐसी जानकारी मिले तो तत्काल वन विभाग को सूचित करें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।





















