जशपुर: भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी जारी, लू से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील

जशपुरनगर, 11 मार्च 2026। जिले में लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा ने कहा है कि गर्मी के मौसम में लू लगने की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने बताया कि लू लगने से शरीर पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

लू के प्रमुख लक्षण

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार लू लगने पर सिर में भारीपन और दर्द, तेज बुखार, मुंह सूखना, चक्कर आना, उल्टी, कमजोरी, शरीर में दर्द, अत्यधिक प्यास लगना, पेशाब कम होना और बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। कई बार शरीर का तापमान बढ़ने के बावजूद पसीना नहीं आता, जो लू का गंभीर संकेत हो सकता है।

लू से बचाव के उपाय

सीएमएचओ ने बताया कि अत्यधिक आवश्यक न हो तो दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें। धूप में निकलते समय सिर और कान को कपड़े से ढंकें तथा हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और लंबे समय तक तेज धूप में रहने से बचें। अधिक पसीना आने पर ओआरएस घोल का सेवन लाभकारी होता है। चक्कर या उल्टी की स्थिति में तुरंत छायादार स्थान पर आराम करें और ठंडा पानी, लस्सी, मठा या फलों का रस लें।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक सलाह के लिए 104 आरोग्य सेवा केंद्र से निःशुल्क परामर्श लिया जा सकता है। यदि तेज बुखार, उल्टी या सिरदर्द जैसी समस्या हो तो तुरंत नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।

लू लगने पर प्रारंभिक उपचार

यदि किसी व्यक्ति को लू लग जाए तो उसे तुरंत ठंडी और छायादार जगह पर लिटाएं। उसके सिर पर ठंडे पानी की पट्टी रखें और शरीर पर ठंडे पानी का छिड़काव करें। कच्चे आम का पना, जलजीरा या अन्य तरल पदार्थ देना लाभदायक हो सकता है। साथ ही पीड़ित को जल्द से जल्द नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाना चाहिए। ओआरएस के पैकेट आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन या एएनएम से भी प्राप्त किए जा सकते हैं।

क्या करें

गर्मी में शरीर को हाइड्रेटेड रखने के लिए पर्याप्त पानी पीना जरूरी है, भले ही प्यास न लगे। ओआरएस, छाछ, लस्सी और नींबू पानी जैसे घरेलू पेय पदार्थ लाभकारी होते हैं। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखना भी आवश्यक है।

क्या न करें

स्वास्थ्य विभाग ने सलाह दी है कि तेज धूप में नंगे पांव बाहर न निकलें और दोपहर के समय अनावश्यक रूप से खाना पकाने से बचें। शराब, चाय, कॉफी तथा कार्बोनेटेड शीतल पेयों का सेवन कम करें, क्योंकि ये शरीर को निर्जलित कर सकते हैं। इसके अलावा अत्यधिक प्रोटीन युक्त भोजन से भी परहेज करने की सलाह दी गई है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment