जशपुर, 03 मार्च 2026 : जशपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने विवेकानंद कॉलोनी स्थित एक किराए के मकान में छापेमारी की, जहां भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, 28 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि रवि विश्वकर्मा नामक व्यक्ति अपने किराए के घर में अवैध मादक पदार्थ छिपाकर रखे हुए है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना कोतवाली की टीम ने दबिश दी। तलाशी के दौरान एक पेटी में रखे 24 पैकेट गांजा बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी रवि विश्वकर्मा ने बताया कि उक्त गांजा गोविंद उर्फ सुनील द्वारा धनराशि देने के एवज में उसके घर में रखा गया था। मामले में थाना जशपुर में अपराध क्रमांक 74/26 पंजीबद्ध कर धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने रवि विश्वकर्मा और सुनील भगत को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
जांच के दौरान पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि थाना तपकरा में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 581 धीरेंद्र मधुकर (उम्र 37 वर्ष) एवं आरक्षक क्रमांक 392 अमित त्रिपाठी (उम्र 35 वर्ष) कथित रूप से गांजा तस्करी में संलिप्त थे। प्राथमिक जांच में संलिप्तता पाए जाने पर दोनों आरक्षकों को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है।




















