जशपुर, जिले के बागबहार थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ हुए गंभीर आपराधिक कृत्य के मामले में जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। एक अन्य आरोपी की पहचान कर ली गई है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 फरवरी 2026 की रात एक 17 वर्षीय किशोरी नाटक कार्यक्रम देखकर घर लौट रही थी। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन उसे एक सुनसान स्थान के पास अचेत अवस्था में पाया गया, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान पीड़िता ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी परिजनों को दी।
प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध मोटरसाइकिल की पहचान कर जांच को आगे बढ़ाया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी सत्यप्रकाश यादव (28 वर्ष) को पत्थलगांव क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने घटना में संलिप्तता स्वीकार की। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल जप्त की गई। इसके बाद उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी पीताम्बर लहरे (30 वर्ष) को सीतापुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। दोनों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 138, 70(2) एवं पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने बताया कि एक अन्य मुख्य आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
इस कार्रवाई में एसडीओपी पत्थलगांव, थाना प्रभारी बागबहार सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट किया कि महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों के प्रति जशपुर पुलिस अत्यंत संवेदनशील है तथा ऐसे मामलों में दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।




















