जशपुर: 8–10 मार्च को तीन दिवसीय कृषि क्रांति एक्सपो, उन्नत तकनीक प्रदर्शन और किसान प्रतियोगिताओं का आयोजन

जशपुरनगर, 24 फरवरी 2026। जिले में कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने के उद्देश्य से कृषि क्रांति अभियान अंतर्गत 8 मार्च से 10 मार्च तक तीन दिवसीय कृषि क्रांति एक्सपो का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान उन्नत कृषि तकनीकों पर विशेषज्ञों द्वारा कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी तथा नवाचारों का जीवंत प्रदर्शन किया जाएगा।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण जिला स्तरीय किसान प्रतियोगिताएं रहेंगी, जिनके माध्यम से प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया जाएगा और नई तकनीकों के प्रसार को बढ़ावा मिलेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक किसानों को 1 मार्च तक ऑनलाइन, व्हाट्सएप अथवा अपने विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी के पास आवेदन जमा करना अनिवार्य होगा। प्राप्त आवेदनों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा तथा विजेता किसानों की घोषणा 8 मार्च को कृषि महाविद्यालय कुनकुरी में आयोजित एक्सपो के दौरान की जाएगी।

कृषि के विभिन्न क्षेत्रों में होगी प्रतिस्पर्धा

जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के अंतर्गत पारंपरिक बीज संरक्षण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें पारंपरिक फसल किस्मों के संरक्षण और संवर्धन को प्रोत्साहित किया जाएगा। सर्वाधिक पारंपरिक किस्में संरक्षित करने वाले किसानों को सम्मानित किया जाएगा।

श्रेष्ठ बीज उत्पादक कृषक का चयन प्रमाणित एवं उन्नत बीज उत्पादन के आधार पर किया जाएगा, जिसके लिए बीज निगम अथवा संबंधित संस्थाओं में बीज विक्रय के प्रमाणित दस्तावेज देखे जाएंगे।

नाला पुनर्जीवन एवं सिंचाई नवाचार प्रतियोगिता में ग्राम स्तर पर सामुदायिक सहभागिता और सिंचित क्षेत्र विस्तार के आधार पर विजेता का चयन होगा।

डेयरी क्षेत्र में दुग्ध उत्पादन वृद्धि, नस्ल सुधार और वैज्ञानिक पशुपालन को बढ़ावा देने हेतु श्रेष्ठ डेयरी किसान का चयन किया जाएगा। इसी प्रकार उन्नत नस्ल, स्वच्छ पशुशेड, टीकाकरण प्रबंधन और वार्षिक आय के आधार पर श्रेष्ठ बकरी एवं मुर्गी पालक किसान चुना जाएगा।

मछली पालन को आय का सशक्त स्रोत बनाने के उद्देश्य से तालाब प्रबंधन और उत्पादन क्षमता के आधार पर श्रेष्ठ मछली पालक किसान का चयन होगा।

इसके अलावा पुष्प, बागवानी एवं साग-सब्जी उत्पादन में आधुनिक तकनीक अपनाने वाले किसानों को भी सम्मानित किया जाएगा। सालभर उत्पादन मॉडल और उच्च मूल्य वाली फसलों के आधार पर विजेता तय किए जाएंगे। वहीं वैज्ञानिक पद्धति से मधुमक्खी पालन कर अधिक शहद उत्पादन करने वाले किसान को श्रेष्ठ मधुमक्खी पालक किसान का सम्मान दिया जाएगा।

कृषि क्रांति एक्सपो को जिले में कृषि नवाचार और तकनीकी जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment