जशपुरनगर, 04 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित बिहान योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होकर आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही हैं। स्व सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं आजीविका के नए अवसर विकसित कर अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड अंतर्गत ग्राम टांगरगांव की श्रीमती संज्योति चौहान ने बैंक सखी के रूप में कार्य करते हुए आत्मनिर्भरता की एक प्रेरक मिसाल प्रस्तुत की है। वे चांदनी स्व सहायता समूह से जुड़ी हुई हैं और समूह के माध्यम से उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त हुआ, जिससे उनके आर्थिक सशक्तिकरण को नई दिशा मिली।
श्रीमती चौहान वर्ष 2019 से ग्रामीण बैंक से संबद्ध बैंक सखी के रूप में कार्य कर रही हैं। वे अपने किराना व्यवसाय के साथ-साथ ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाएं भी प्रदान कर रही हैं। उनके द्वारा प्रतिमाह लगभग 8 से 9 लाख रुपये तक का लेन-देन किया जाता है, जिससे उन्हें औसतन 3 से 4 हजार रुपये की आय प्राप्त होती है। इसके अलावा वे डिजिटल भुगतान, बीमा तथा अन्य वित्तीय सेवाओं के माध्यम से भी ग्रामीणों को सुविधाएं उपलब्ध करा रही हैं।
उन्होंने बताया कि बैंक सखी के रूप में कार्य प्रारंभ करने के लिए उन्होंने स्व सहायता समूह के माध्यम से 68 हजार रुपये का ऋण लिया, जिससे उन्हें यह कार्य शुरू करने में मदद मिली। आज वे आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं और सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर रही हैं।
श्रीमती संज्योति चौहान की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि शासन की योजनाओं का सही लाभ लेकर महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं, बल्कि समाज में अपनी एक मजबूत और सम्मानजनक पहचान भी स्थापित कर सकती हैं। उन्होंने इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
—




















