रायपुर, 28 मार्च 2026। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में 28 मार्च से देश के पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के तहत कुश्ती स्पर्धा का भव्य आगाज होने जा रहा है। गांधी स्टेडियम में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में देशभर के जनजातीय खिलाड़ी अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
इस प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग के कुल 144 पहलवान भाग ले रहे हैं, जो जम्मू-कश्मीर, मध्यप्रदेश, झारखंड, असम, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, मेघालय, गुजरात, ओडिशा, मिजोरम, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र सहित मेजबान छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह आयोजन जनजातीय युवाओं को राष्ट्रीय मंच देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम में 28 से 31 मार्च तक चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में रोजाना तीन चरणों में मुकाबले होंगे। पहला चरण सुबह 8 से 9 बजे तक, दूसरा चरण सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक और तीसरा चरण शाम 4 बजे से खेल समाप्ति तक आयोजित किया जाएगा।
इस आयोजन का उद्देश्य दूरस्थ वनांचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। स्थानीय युवाओं के लिए यह प्रतियोगिता प्रेरणादायक साबित होगी, जिससे वे भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगे।
खेल प्रेमियों के लिए अच्छी खबर यह है कि इस भव्य आयोजन का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स और प्रसार भारती पर किया जाएगा, जिससे देश-दुनिया के दर्शक इस महाकुंभ का लाइव आनंद ले सकेंगे।
खेल विभाग द्वारा खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, चिकित्सा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सरगुजा जिला अब अपनी सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी नई पहचान बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
—




















