📍 रायगढ़, 19 मार्च 2026। “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना लैलूंगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूटी से गांजा परिवहन कर रहे एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक ग्राम जमुना की ओर से टी.वी.एस स्कूटी क्रमांक ओडी 31 पी 0646 में अवैध गांजा लेकर पाकरगांव की ओर आ रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव अपनी टीम के साथ अटल चौक पाकरगांव में घेराबंदी कर मौके पर पहुंचे।
घेराबंदी के दौरान संदिग्ध स्कूटी चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उसे पकड़ लिया गया। विधि अनुसार तलाशी लेने पर स्कूटी में रखे प्लास्टिक पन्नी से गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में बालक ने बताया कि वह उड़ीसा के लेफरीपारा से गांजा खरीदकर बिक्री के लिए ला रहा था।
बरामद गांजा का कुल वजन 5 किलो 100 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये है। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी (लगभग 50 हजार रुपये) भी जब्त की गई। इस तरह कुल 3 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
मामले में थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 87/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गिरधारी साव, एएसआई देव प्रसाद चौहान सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
—




















