रायगढ़: एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई, हत्या के प्रयास मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 12 मार्च 2026। जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे पुलिस अभियान “ऑपरेशन तलाश” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो वयस्क आरोपी और तीन विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 4 मार्च 2026 की दोपहर मो. जीशान राजा (18 वर्ष), निवासी बोईरदादर कृष्णा वाटिका कॉलोनी, अपने साथी रोशन सिंह के साथ एच.एफ. डिलक्स मोटरसाइकिल से कोतरारोड़ की ओर गए थे। दीपक किराना दुकान के पास रोशन सिंह मोबाइल पर बात करने के लिए रुके हुए थे। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली।

कुछ ही देर बाद एक एक्टिवा से पहुंचे अभिषेक ठाकुर ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। मना करने पर उसने ईंट से हमला कर दिया और उसके अन्य साथी भी मौके पर पहुंचकर मारपीट करने लगे। हमले में रोशन सिंह को सिर के पीछे, सीने और पेट में धारदार हथियार से गंभीर चोटें आईं। घायल को पहले मेडिकल कॉलेज रायगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली रायगढ़ में अपराध क्रमांक 104/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस द्वारा लगातार आरोपियों की तलाश की जा रही थी, लेकिन गिरफ्तारी के डर से सभी फरार चल रहे थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चल रहे ऑपरेशन तलाश के दौरान बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने अभिषेक ठाकुर, सत्यम महंत और तीन अपचारी बालकों को पकड़ लिया। एक बालक के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया। साक्ष्यों के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।

गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक ठाकुर (24 वर्ष) निवासी सोनिया नगर कोतरारोड तथा सत्यम महंत (21 वर्ष) निवासी तेंदुडीपा दरोगामुड़ा शामिल हैं। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अभिषेक ठाकुर आदतन बदमाश है, जिसके खिलाफ थाना कोतवाली में लूट, बलवा, आर्म्स एक्ट और मारपीट सहित 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है और उसे गुंडा सूची में शामिल करने की प्रक्रिया चल रही है।

आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उपनिरीक्षक दिलीप बेहरा और पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा, “रायगढ़ जिले में गंभीर अपराध करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। हत्या के प्रयास जैसे मामलों में शामिल आरोपियों को चिन्हित कर जल्द गिरफ्तार किया जा रहा है। आदतन बदमाशों और गुंडा तत्वों पर पुलिस की कड़ी निगरानी है और उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।”


Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment