जशपुर, 11 अप्रैल 2026। जिले के पंडरापाठ (तहसील–सन्ना, विकासखंड–बगीचा) में शनिवार को अत्याधुनिक तीरंदाजी अकादमी केंद्र परिसर के निर्माण एवं विकास कार्य का भव्य भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। लगभग ₹20.53 करोड़ की लागत से बनने वाली इस महत्वपूर्ण परियोजना का उद्देश्य जशपुर के युवाओं को उच्चस्तरीय खेल सुविधाएं प्रदान कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने भूमिपूजन कर कार्य का शुभारंभ किया और अपने संबोधन में कहा कि यह अकादमी जशपुर के युवाओं के सपनों को नई दिशा देगी तथा खेल के क्षेत्र में जिले को एक नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और जशपुर में इस तरह की विश्वस्तरीय सुविधाओं का विकास उसी दिशा में एक सशक्त कदम है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय ने की। इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, खिलाड़ी, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए शासन-प्रशासन के प्रयासों की सराहना की और उम्मीद जताई कि इस अकादमी से आने वाले समय में जिले के अनेक खिलाड़ी राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
अत्याधुनिक तीरंदाजी अकादमी में आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं, उच्च गुणवत्ता वाले उपकरणों तथा प्रशिक्षकों की उपलब्धता के साथ खिलाड़ियों को पेशेवर माहौल प्रदान किया जाएगा। इससे क्षेत्र के युवाओं को अपने कौशल को निखारने और प्रतिस्पर्धी स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
जशपुर की जनता की ओर से विधायक श्रीमती रायमुनी भगत के प्रति आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने क्षेत्र के विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। यह परियोजना जशपुर को खेल के क्षेत्र में एक नई पहचान देने की दिशा में मील का पत्थर साबित होने की उम्मीद है।




















