जशपुर: नवगुरुकुल से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ीं कुनकुरी की नेहा खाखा

जशपुरनगर, 17 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप जिला प्रशासन जशपुर द्वारा संचालित ‘नवगुरुकुल’ संस्थान ग्रामीण पृष्ठभूमि के युवाओं को आधुनिक कौशल से जोड़कर आत्मनिर्भरता की राह दिखा रहा है। यह पहल रोजगार सृजन के साथ-साथ युवाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास कर रही है।

इसी पहल की प्रेरक मिसाल बनी हैं कुनकुरी की नेहा खाखा, जो वर्तमान में नवगुरुकुल में फाइनेंस जूनियर एसोसिएट (ग्रोथ रोल) के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें 2.52 लाख रुपये वार्षिक पैकेज प्राप्त हो रहा है। वे अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए अन्य विद्यार्थियों का मार्गदर्शन भी कर रही हैं और उनकी शैक्षणिक प्रगति में सहयोग दे रही हैं।

आत्मविश्वास से नई उड़ान

पारिवारिक चुनौतियों के बावजूद नेहा ने शिक्षा को अपना संबल बनाया। पिता के निधन के बाद उनकी माता श्रीमती ललिता खाखा ने परिवार की जिम्मेदारी संभाली। सीमित संसाधनों के बीच नेहा ने DAV मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, कांसाबेल से उच्च माध्यमिक शिक्षा पूरी की।

नवगुरुकुल की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय, मनोरा में आयोजित सेमिनार में भाग लेकर प्रवेश प्रक्रिया समझी। परीक्षा में सफलता के बाद उन्होंने नवगुरुकुल, जशपुर में स्कूल ऑफ फाइनेंस का चयन किया।

एक वर्ष के अध्ययन के दौरान उन्होंने मैनेजमेंट अकाउंटिंग, कॉस्ट अकाउंटिंग, वित्तीय विवरण विश्लेषण और टैली में दक्षता हासिल की। साथ ही संचार कौशल, टीमवर्क और समस्या समाधान जैसे सॉफ्ट स्किल्स में भी उल्लेखनीय सुधार किया। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उन्हें संस्थान में ही रोजगार का अवसर मिला। वर्तमान में वे पंडित सुंदरलाल शर्मा ओपन यूनिवर्सिटी, कुनकुरी से स्नातक शिक्षा भी जारी रखे हुए हैं।

कौशल विकास का प्रभावी मंच

जिला प्रशासन द्वारा संचालित नवगुरुकुल संस्थान युवाओं को प्रोग्रामिंग, बिजनेस और फाइनेंस जैसे आधुनिक पाठ्यक्रमों के साथ व्यावहारिक जीवन कौशल का प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और अनुशासित वातावरण में विद्यार्थी रोजगारोन्मुखी बन रहे हैं।

नेहा खाखा की सफलता यह दर्शाती है कि उचित मार्गदर्शन और दृढ़ संकल्प से ग्रामीण अंचल की बेटियाँ भी आत्मनिर्भरता की नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर सकती हैं। नवगुरुकुल की यह पहल जशपुर जिले को कौशल-सम्पन्न और सशक्त युवाओं की नई पहचान दे रही है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment