जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कामारिया में गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। इस संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बगीचा द्वारा स्कूल के प्रभारी प्राचार्य को कारण बताओ सूचना-पत्र जारी किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 जनवरी को विद्यालय परिसर में विधिवत रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया था, लेकिन नियमों के विपरीत शाम को ध्वज को सम्मानपूर्वक नहीं उतारा गया। अगले दिन 27 जनवरी की सुबह करीब 8 बजे ग्रामीणों ने विद्यालय में ध्वज को अब भी फहराता हुआ देखा, जिसके बाद यह बात पूरे गांव में फैल गई और मीडिया तक भी पहुंची।
सूचना में उल्लेख है कि ध्वज को समय पर न उतारने के कारण ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। बाद में विद्यालय कर्मचारियों को बुलाकर ध्वज उतरवाया गया, लेकिन तब तक यह मामला गंभीर रूप ले चुका था। ग्रामीणों द्वारा इसे राष्ट्रीय ध्वज का अपमान मानते हुए कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की गई।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने इसे कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही एवं उदासीनता बताया है। नोटिस में कहा गया है कि यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम (3) के कंडिका (1) एवं (2) के प्रतिकूल है।
प्रभारी प्राचार्य को निर्देशित किया गया है कि वे सूचना-पत्र की प्राप्ति के दो दिवस के भीतर सक्षम अधिकारी के समक्ष स्वयं उपस्थित होकर संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। समय-सीमा में जवाब न देने की स्थिति में उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित कर उच्च कार्यालय को भेजे जाने की चेतावनी भी दी गई है।
























