महाशिवरात्रि पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बाबा धाम में की पूजा-अर्चना, 1.20 करोड़ के विकास कार्यों की शुरुआत

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने देर रात रायगढ़ प्रवास के दौरान ग्राम कोसमनारा स्थित श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। उनके साथ धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय भी उपस्थित रहीं। मुख्यमंत्री ने भगवान भोलेनाथ एवं श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा के समक्ष प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा समस्त प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

पूजा-अर्चना के उपरांत मुख्यमंत्री ने जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से स्वीकृत 1 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। प्रस्तावित कार्यों में मुख्य भवन के सामने ग्रेनाइट फर्श सहित शेड निर्माण, श्रद्धालुओं के विश्राम व भोजन हेतु अतिरिक्त शेड, शौचालय परिसर भवन तथा पार्किंग क्षेत्र के लिए सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धाम का स्वरूप और अधिक व्यवस्थित होगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कोसमनारा स्थित बाबा धाम श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करती है और लोगों के जीवन में आत्मबल का संचार करती है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार गुरुजनों के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ निरंतर जनकल्याण के पथ पर अग्रसर है।

उल्लेखनीय है कि रायगढ़ जिला मुख्यालय से लगभग सात किलोमीटर दूरी पर स्थित यह धाम वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना हुआ है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा एवं भगवान भोलेनाथ के दर्शन हेतु पहुंचते हैं। जनश्रुति के अनुसार, श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा वर्ष 1998 से कठोर तपस्या में लीन हैं तथा वर्ष 2003 में उन्हें ‘श्री श्री 108’ की उपाधि प्राप्त हुई। कहा जाता है कि बाबा ने स्वयं पत्थरों को एकत्र कर शिवलिंग का स्वरूप निर्मित किया और उसी स्थान को अपनी तपोभूमि बनाया। वर्षा, ग्रीष्म और शीत—तीनों ऋतुओं में खुले स्थान पर रहकर साधना करना उनकी तपस्या की विशेष पहचान है।

इस अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान, नगर निगम सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment