जशपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर 7.30 किमी सड़कों के उन्नयन हेतु 36.85 करोड़ की प्रशासकीय मंजूरी

जशपुरनगर, 20 फरवरी 2026। जिले में अधोसंरचना विकास को गति देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार वित्तीय वर्ष 2025–26 के बजट अंतर्गत विकासखंड पत्थलगांव क्षेत्र में कुल 7.30 किलोमीटर सड़कों के उन्नयन एवं मजबूतीकरण कार्य के लिए 36 करोड़ 85 लाख 20 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत इंदिरा चौक से जशपुर रोड (2.00 किमी), इंदिरा चौक से अम्बिकापुर रोड (1.50 किमी) तथा इंदिरा चौक से रायगढ़ रोड (3.80 किमी) तक सड़क उन्नयन का कार्य किया जाएगा। इन मार्गों के सुदृढ़ होने से क्षेत्र में आवागमन अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक होगा।

जिले में सड़क विकास को मिली नई रफ्तार

मुख्यमंत्री के दो वर्ष के कार्यकाल में जशपुर जिले को व्यापक स्तर पर सड़क विकास की सौगात मिली है। अब तक जिले में 914 करोड़ 94 लाख रुपये की लागत से 603 सड़कों की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। लगातार मिल रही स्वीकृतियों और निर्माण कार्यों की प्रगति से ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों में कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है।

सड़कों, पुल एवं पुलियाओं के निर्माण से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि विपणन और स्थानीय व्यापार को नई गति मिली है। दूर-दराज के गांव अब मुख्य मार्गों से जुड़ रहे हैं, जिससे नागरिकों को अस्पताल, विद्यालय और मंडियों तक पहुंचने में सुविधा हो रही है।

मुख्यधारा से जुड़ रहे दूरस्थ क्षेत्र

अधोसंरचना के सुदृढ़ नेटवर्क से न केवल परिवहन व्यवस्था बेहतर हो रही है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि हो रही है। बेहतर सड़कों के माध्यम से सामाजिक संपर्क और प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच में भी उल्लेखनीय सुधार देखा जा रहा है।

जिलेवासियों ने इन विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment