जशपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जशपुर-सन्ना मार्ग के सुदृढ़ीकरण हेतु 8.04 करोड़ रुपए स्वीकृत ,आवागमन, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगा बड़ा संबल…

जशपुरनगर, 27 मार्च 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जिले में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जशपुर-सन्ना मार्ग के विभिन्न हिस्सों के मजबूतीकरण कार्य हेतु 8 करोड़ 4 लाख 40 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना से विशेष रूप से वनांचल क्षेत्रों में निवासरत लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

राज्य शासन द्वारा वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल इस कार्य के अंतर्गत जशपुर-सन्ना मार्ग के किमी 32/10, 33/2, 33/6-10, 34/2-4-6 एवं 41/10 से 52/10 तक कुल 12.498 किलोमीटर सड़क का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।

ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ:
सड़क के मजबूत होने से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को वर्षभर सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। विशेषकर बारिश के मौसम में जहां आवागमन बाधित होता था, वहां अब निरंतर संपर्क बना रहेगा। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, जिससे परिवहन लागत कम होगी और बेहतर मूल्य मिलने की संभावना बढ़ेगी।

शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बल:
इस मार्ग के सुदृढ़ीकरण से विद्यार्थियों को स्कूल एवं कॉलेज तक पहुंचने में सुविधा होगी, जिससे शिक्षा में निरंतरता बनी रहेगी। वहीं आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना आसान होगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ तेजी से मिल सकेगा।

निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। साथ ही सड़क निर्माण के बाद परिवहन एवं अन्य सेवाओं से जुड़े रोजगार में भी वृद्धि होगी। यह परियोजना क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करते हुए वनांचल क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment