जशपुर में ऑपरेशन ‘शंखनाद’: 60 किलो गौवंश मांस के साथ आरोपी गिरफ्तार, उड़ीसा से लाकर बिक्री की थी तैयारी

जशपुर, 21 मार्च 2026। जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘शंखनाद’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चौकी कोतबा क्षेत्र में 60 किलो गौवंश मांस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आरोपी उड़ीसा राज्य से मांस लाकर बिक्री के लिए ले जा रहा था, जिसे पुलिस ने नाकाबंदी कर दबोच लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 मार्च 2026 की रात्रि करीब 9:10 बजे चौकी कोतबा पुलिस मुख्य मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा के ग्राम बनडेगा से एक व्यक्ति अल्टो कार क्रमांक OR-14-G-3271 में गौवंश का मांस लेकर कोतबा होते हुए लैलूंगा (जिला रायगढ़) की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को घेराबंदी कर रोक लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर ड्राइवर सीट के पास एक बैग में 25 पैकेट तथा बीच सीट में रखे बैग में 35 पैकेट संदिग्ध मांस बरामद हुआ। सभी पैकेट 1-1 किलो के थे, इस प्रकार कुल 60 किलो मांस जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जीसान हुसैन (24 वर्ष), निवासी ग्राम बनडेगा, थाना तलसरा, जिला सुंदरगढ़ (उड़ीसा) बताया।

पुलिस द्वारा जब्त मांस का परीक्षण पशु चिकित्सक से कराया गया, जिसमें इसे गौवंश का मांस होना प्रमाणित किया गया। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अल्टो कार को भी जब्त कर लिया है। इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक बृजेश यादव सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment