जशपुर, 22 जनवरी 2026/ जशपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। चौकी कोतबा क्षेत्रांतर्गत पुलिस ने लंबे समय से नशे के कारोबार में संलिप्त एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 640 नग प्रतिबंधित विस्कोरेक्स कोडीन फास्फेट कफ सिरफ बरामद की है। जप्त की गई नशीली कफ सिरफ की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 01 लाख 11 हजार रुपए बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त एक मोटर सायकल एवं मोबाइल फोन भी जप्त किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
गिरफ्तार आरोपी का नाम मोहित गुप्ता, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम सुरंगपानी, चौकी कोतबा, थाना फरसाबहार, जिला जशपुर (छत्तीसगढ़) बताया गया है। आरोपी काफी समय से नशीली प्रतिबंधित कफ सिरफ की अवैध खरीद-बिक्री में लिप्त था, जिस पर जशपुर पुलिस की लगातार नजर बनी हुई थी।
मुखबिर सूचना पर की गई सुनियोजित कार्रवाई
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जशपुर पुलिस को टेक्निकल टीम एवं मुखबिर तंत्र के माध्यम से सूचना मिली थी कि संदिग्ध मोहित गुप्ता उड़ीसा राज्य से प्रतिबंधित नशीली कफ सिरफ लाने गया है और मोटर सायकल से दो कार्टून में कफ सिरफ लेकर ग्राम कर्राबेहरा मार्ग से होते हुए अपने गृह ग्राम सुरंगपानी लौटने वाला है।
सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में चौकी कोतबा पुलिस एवं टेक्निकल टीम द्वारा संभावित मार्ग लाखझार घाट के पास नाकाबंदी की गई। इसी दौरान ग्राम फरसाटोली की ओर से बिना नंबर की होंडा सिटी 110 मोटर सायकल में पीछे सीट पर बोरी बांधकर आते हुए संदिग्ध मोहित गुप्ता को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
640 शीशियों की बड़ी खेप बरामद
पुलिस द्वारा जब मोटर सायकल में बंधी बोरी की तलाशी ली गई तो उसमें रखे दो कार्टून से 100-100 एमएल की 320 नग प्रतिबंधित विस्कोरेक्स कोडीन फास्फेट कफ सिरफ बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर जंगल में छुपाकर रखे गए दो और कार्टून बरामद किए गए, जिनमें भी प्रत्येक कार्टून में 160-160 शीशी के हिसाब से कुल 320 शीशी मिली।
इस प्रकार पुलिस ने कुल 04 कार्टून में 640 नग प्रतिबंधित नशीली कफ सिरफ बरामद की, जिसकी कुल मात्रा 64,000 मिलीलीटर है।
कोई वैध दस्तावेज नहीं, उड़ीसा से लाने की बात कबूली
पूछताछ में आरोपी द्वारा कफ सिरफ से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह उक्त नशीली कफ सिरफ को उड़ीसा राज्य से खरीदकर बिक्री हेतु जशपुर क्षेत्र में लाया था।
एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज
पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध चौकी कोतबा में धारा 21 (C) नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी कोतबा उप निरीक्षक बृजेश यादव, थाना प्रभारी फरसाबहार उप निरीक्षक विवेक कुमार भगत, प्रधान आरक्षक मोहन बंजारे, अजय खेस, विनोद कुमार, मोहन भगत, आरक्षक अमित एक्का, नंदलाल यादव, आलोक टोप्पो, नीरज तिर्की, सुरेश एक्का, पुस्तम यादव एवं बूटा सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य कर रही है। नशे के सौदागरों के विरुद्ध ऑपरेशन आघात लगातार जारी रहेगा और इस तरह की अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
























