जशपुरनगर, 24 मार्च 2026। जशपुर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026” के तहत दो दिवसीय मण्डल स्तरीय कार्यशाला का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण, भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर दीप प्रज्वलन तथा राष्ट्रगीत व राजकीय गीत के साथ हुई।
प्रथम दिन विधायक रायमुनी भगत, जिला भाजपा महामंत्री मुकेश शर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत एवं अधिवक्ता सत्यप्रकाश तिवारी ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती, विचारधारा और आगामी रणनीतियों पर प्रशिक्षण दिया। विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि भाजपा राष्ट्र निर्माण का माध्यम है और कार्यकर्ताओं को अंत्योदय के भाव के साथ अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना चाहिए। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन सुदृढ़ करने, जनता से संवाद बनाए रखने और सेवा कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया, वहीं मुकेश शर्मा ने संगठन में अनुशासन और जिम्मेदारी को आवश्यक बताया। अरविंद भगत ने सेवा और जनसमस्याओं के समाधान में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर बल दिया तथा सत्यप्रकाश तिवारी ने संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मण्डल अध्यक्ष मुकेश सोनी, जिला मंत्री संतोष सिंह एवं श्रीमती शारदा प्रधान ने की, जबकि संचालन संतोष सिंह और शरद चौरसिया ने किया। मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान के अनुसार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यशाला के अंतर्गत प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी की विचारधारा, इतिहास और उपलब्धियों को दर्शाया गया। दो दिवसीय यह प्रशिक्षण अभियान संगठन के विस्तार और वैचारिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।




















