रायगढ़, 04 फरवरी 2026/ रायगढ़ जिले में अनैतिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली थाना क्षेत्र के शिवा नगर में संचालित हो रहे देह व्यापार के एक मामले का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि केवड़ाबाड़ी स्थित एसबीआई मेन ब्रांच के सामने रोड किनारे एक मकान में बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह को अवगत कराया गया।
एसएसपी के निर्देशन एवं सीएसपी श्री मयंक मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस द्वारा योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई। पीटा एक्ट की प्रक्रिया के अनुरूप एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर चिन्हित मकान में भेजा गया। तय संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मकान की घेराबंदी कर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान मकान के भीतर आरोपी राहुल कुमार यादव, उसकी महिला सहयोगी तथा देह व्यापार हेतु लाई गई दो महिलाएं मौजूद पाई गईं। पूछताछ में आरोपी द्वारा देह व्यापार संचालन कर अवैध कमाई करने की पुष्टि हुई।
पुलिस द्वारा की गई तलाशी में देह व्यापार में प्रयुक्त आपत्तिजनक सामग्री, दो मोबाइल फोन तथा नकद ₹2000 बरामद किए गए। थाना कोतवाली में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 40/2026 के तहत अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम की धारा 3, 4 एवं 5 में मामला पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने इस कार्रवाई को लेकर स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जिले में जुआ-सट्टा, अवैध शराब, देह व्यापार एवं अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे किसी भी अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी तथा आम नागरिक निर्भय होकर पुलिस को सूचना दें।
इस संपूर्ण कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर) श्री अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन एवं सीएसपी श्री मयंक मिश्रा के नेतृत्व में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
























