रायगढ़ : तीन दिन, एक बड़ा अभियान… अवैध नशे के नेटवर्क पर पुलिस का करारा प्रहार

रायगढ़, 5 फरवरी 2026/ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में रायगढ़ पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ-सट्टा एवं पीटा एक्ट के तहत लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बीते तीन दिनों के भीतर आबकारी अधिनियम के तहत 11 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए कुल 65.9 लीटर देशी, अंग्रेजी एवं कच्ची महुआ शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹16,680 आँकी गई है।

कार्रवाई के दौरान अवैध शराब के परिवहन में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है। जब्त वाहन को राजसात किए जाने हेतु जिलादंडाधिकारी रायगढ़ को प्रतिवेदन प्रेषित किया गया है।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि वे ऐसे कृत्यों को त्यागकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ें, अन्यथा कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी


घरघोड़ा : कच्ची महुआ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

थाना घरघोड़ा पुलिस ने मुखबिर सूचना पर ग्राम अमलीडीह में दबिश देकर आरोपी परमेश्वर राठिया (उम्र 22 वर्ष) के कब्जे से कुल 10 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा ₹1,150 नगद बरामद किया। आरोपी द्वारा अवैध रूप से शराब संग्रहित कर बिक्री करना पाए जाने पर आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेजा गया।


कापू : गांजा बिक्री करते महिला गिरफ्तार

थाना कापू पुलिस द्वारा ग्राम पखनाकोट (सुकवासुपारा) में दबिश देकर आरोपिया श्रीमती चम्पा यादव (उम्र 58 वर्ष) को गांजा बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपिया के कब्जे से 0.818 किलोग्राम गांजा (अनुमानित कीमत ₹13,000) एवं एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपिया को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया है।


बंधपुर : जुआ फड़ पर कापू पुलिस का शिकंजा

दिनांक 03–04 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात गश्त के दौरान थाना कापू पुलिस ने ग्राम बंधनपुर में जुआ खेलते हुए 5 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मौके से ₹22,500 नगद एवं 52 पत्ती ताश जब्त कर सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।


एसएसपी का संदेश

> “रायगढ़ जिले में अवैध शराब, गांजा, जुआ-सट्टा जैसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सभी थाना-चौकी प्रभारियों को नशामुक्ति अभियान के साथ-साथ जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। आम नागरिक किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।”

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment