वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के स्पष्ट निर्देशन में रायगढ़ जिले में ऑनलाइन सट्टा, अवैध शराब एवं अन्य गैरकानूनी कारोबार के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुसौर एवं कोतरारोड़ थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए सट्टा पट्टी लिखने वाले आरोपी एवं अवैध शराब कारोबारी को गिरफ्तार किया है।
पुसौर में ऑनलाइन सट्टा पर कार्रवाई
पुसौर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि कृषि उपज मंडी पुसौर के पास एक व्यक्ति ऑनलाइन सट्टा पट्टी लिख रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके से निरंजन साव को रंगे हाथों पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने रायगढ़ के सट्टा खाईवाल पप्पू बरेठ के लिए सट्टा लिखना स्वीकार किया तथा बताया कि उसे इसके एवज में 5 प्रतिशत कमीशन मिलता था। आरोपी के मोबाइल की जांच में व्हाट्सएप के माध्यम से ₹28,520/- का सट्टा हिसाब भेजना पाया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹700 नगद एवं एक विवो मोबाइल फोन जप्त किया है।
मामले में आरोपी निरंजन साव एवं सट्टा खाईवाल पप्पू बरेठ के विरुद्ध थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 33/2026, धारा 6(क), 7(1) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपी निरंजन साव पिता बरतराम साव, उम्र 58 वर्ष, निवासी औरदा को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक योगेश उपाध्याय एवं आरक्षक धनुजय चंद बेहरा की सक्रिय भूमिका रही।
कोतरारोड़ में महुआ शराब पर रेड
वहीं दूसरी ओर, थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में ग्राम नवरंगपुर में महुआ शराब के विरुद्ध रेड कार्रवाई की गई। रेड के दौरान आरोपी अपने घर के आंगन में शराब के साथ मिला, जबकि शराब खरीदने आए अन्य लोग पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपी भीम सिदार पिता रामेश्वर सिदार, उम्र 28 वर्ष, निवासी नवरंगपुर थाना कोतरारोड़ के कब्जे से 10 लीटर महुआ शराब (अनुमानित कीमत ₹1,000/-) जप्त की। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, प्रधान आरक्षक बाबूलाल पटेल, आरक्षक संदीप कौशिक, चुड़ामणि गुप्ता, टिकेश्वर यादव एवं राजेश खांडे की सराहनीय भूमिका रही।
एसएसपी का सख्त संदेश —
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि
“रायगढ़ जिले में सट्टा, अवैध शराब एवं किसी भी प्रकार के गैरकानूनी कारोबार के लिए कोई स्थान नहीं है। ऐसे तत्वों के विरुद्ध पुलिस की कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आम नागरिक निर्भय होकर अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें — हर सूचना पर त्वरित एवं निर्णायक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”











