रायगढ़, 3 फरवरी 2026/ छाल थाना क्षेत्र में महिला से दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को मात्र 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म करने, अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने और लंबे समय तक शारीरिक शोषण से जुड़ा हुआ है।
पीड़िता ने 2 फरवरी 2026 को थाना छाल में आवेदन देकर आपबीती दर्ज कराई। महिला ने बताया कि वह स्वास्थ्य कारणों से जनवरी 2025 से अपने मायके में रह रही थी। अप्रैल 2025 में कच्चे मकान की मरम्मत हेतु छाल निवासी चन्द्रभान यादव के माध्यम से मिट्टी गिरवाई गई थी, जिसके बाद आरोपी का उसके घर आना-जाना बढ़ गया।
मामले का पूरा घटनाक्रम
पीड़िता के अनुसार 6 अप्रैल, रविवार को आरोपी छुट्टी के दिन शाम के समय उसके घर पहुंचा। बातचीत के दौरान आरोपी ने उसे कोल्ड ड्रिंक पिलाई, जिसे पीने के कुछ समय बाद महिला को अत्यधिक नींद आने लगी। घर में अकेली पाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इस दौरान अश्लील फोटो व वीडियो भी बना लिया।
इसके बाद आरोपी ने उक्त फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर महिला को डराया-धमकाया और लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
शिकायत मिलते ही पुलिस की सख्त कार्रवाई
महिला की शिकायत पर थाना प्रभारी छाल निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी द्वारा तत्काल अपराध क्रमांक 11/2026, धारा 64(2)(एम) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। महिला उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर एवं महिला थाना टीम द्वारा पीड़िता के कथन दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया गया।
पुलिस टीम ने त्वरित दबिश देकर आरोपी
चन्द्रभान यादव पिता दुर्ग विजय यादव,
निवासी – ग्राम शाहपुर, पोस्ट अजीजाबाद, थाना जहानागंज, जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश),
हाल मुकाम – ISC साइडिंग, नदी किनारे, हाटी पेट्रोल पंप के पास, थाना छाल क्षेत्र
को गिरफ्तार किया। आरोपी की मेडिकल जांच व अन्य वैधानिक औपचारिकताएं पूर्ण कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
अधिकारियों की भूमिका
इस कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक शंभू पाण्डेय, शंकर क्षत्रिय तथा आरक्षक भगवती लक्ष्मे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि
“महिलाओं एवं नाबालिगों के विरुद्ध अपराधों में रायगढ़ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी से लेकर न्यायालय में सशक्त पैरवी कर सजा दिलाने तक पुलिस पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्रवाई करेगी।”
























