रायगढ़, 31 जनवरी /कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए रायगढ़ पुलिस के एक जवान ने अपनी जान जोखिम में डालकर मधुमक्खियों के झुंड में फंसे कई युवकों की जान बचाई। यह साहसिक घटना थाना लैलूंगा क्षेत्र के ग्राम रूडूकेला की है, जहां ग्राम कमरगा के 6–7 युवक गंभीर संकट में फंस गए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना लैलूंगा में पदस्थ प्रधान आरक्षक शिव पैंकरा अपराध एवं शिकायत जांच के सिलसिले में क्षेत्र भ्रमण पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि कबड्डी खेलने जा रहे ग्राम कमरगा के कुछ युवकों पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले से युवक संतुलन खो बैठे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रधान आरक्षक शिव पैंकरा ने बिना विलंब किए मौके पर पहुंचकर त्वरित निर्णय लिया। उन्होंने बड़ी प्लास्टिक शीट की व्यवस्था कर मशाल जलाते हुए मधुमक्खियों को भगाया और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर लैलूंगा अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
मानव जीवन को संकट में देख दिखाई गई इस सूझबूझ और साहस पर थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।
इस सराहनीय एवं साहसिक कार्य पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह ने प्रधान आरक्षक शिव पैंकरा को पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया तथा अन्य पुलिसकर्मियों को भी इसी प्रकार सेवा भावना से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
























