रायगढ़ : एक साथ दो गांवों में शराब पर पुलिस का प्रहार… अवैध महुआ शराब मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 03 फरवरी 2026/जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री पर लगाम कसते हुए भूपदेवपुर पुलिस ने एक साथ दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की इस दोहरी रेड में दो आरोपियों को रंगेहाथ पकड़ा गया, जबकि मौके पर मौजूद महुआ लाहन को नष्ट कर तैयार शराब जब्त की गई।

पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना भूपदेवपुर प्रभारी उप निरीक्षक संजय नाग के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम मुरा, कुर्रुभांठा एवं जामपाली क्षेत्र को चिन्हित कर एक साथ दबिश दी।

पहली कार्रवाई ग्राम मुरा में की गई, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर राम सिंह सिदार (उम्र 65 वर्ष) निवासी मुरा को अवैध महुआ शराब निर्माण की तैयारी करते हुए पकड़ा। मौके से भारी मात्रा में महुआ लाहन बरामद कर नष्ट किया गया, वहीं 3 लीटर तैयार महुआ शराब जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत विधिवत प्रकरण दर्ज किया गया है।

इसी क्रम में दूसरी रेड कार्रवाई के दौरान कुर्रुभांठा चौक, मेन रोड पर पुलिस ने भोलेशंकर राठिया (उम्र 32 वर्ष) निवासी कुर्रुभांठा को पकड़कर उसके कब्जे से 10 लीटर महुआ शराब जब्त की। आरोपी के खिलाफ धारा 34-2 एवं 59-क आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment