रायगढ़ : 03 फरवरी 2026 / वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में रायगढ़ जिले में गुम इंसानों एवं नाबालिगों की तलाश के लिए चलाया जा रहा ऑपरेशन मुस्कान प्रभावी रूप से जारी है। जनवरी माह में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 59 गुम इंसानों की रिपोर्ट दर्ज की गई थी, जिनमें से पुलिस की सतत निगरानी, तकनीकी सहायता और जमीनी प्रयासों से 56 गुम इंसानों को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों से मिलाया गया है।
जनवरी माह में 16 नाबालिगों के गुम होने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिनमें से 14 नाबालिगों को पुलिस ने सुरक्षित बरामद किया। जांच के दौरान जिन मामलों में नाबालिगों को बहला-फुसलाकर भगाने की पुष्टि हुई, वहां संबंधित आरोपियों के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई की गई।
बीते दिनों थाना चक्रधरनगर, धरमजयगढ़, पुसौर एवं कोतरारोड़ पुलिस द्वारा गुम नाबालिगों को खोजकर उनके परिजनों को सौंपा गया। इनमें सबसे उल्लेखनीय प्रकरण कोतरारोड़ थाना क्षेत्र का रहा, जहां लगभग 8 वर्षों से लापता बालक को महाराष्ट्र के सतारा से दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया गया, जिससे परिवार में खुशी का माहौल लौट आया।
🔹 केस क्रमांक 01
कोतरारोड़ पुलिस ने 8 वर्ष से लापता बालक को खोजकर परिजनों से मिलाया
थाना कोतरारोड़ के अपराध क्रमांक 18/2018 धारा 363 भादवि अंतर्गत दर्ज प्रकरण में 14 वर्षीय बालक 27 मार्च 2018 को घर से निकलने के बाद लापता हो गया था। लंबे समय तक पतासाजी के बाद पुलिस को बालक के सतारा (महाराष्ट्र) बाल कल्याण गृह में होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बालक को सुरक्षित वापस लाकर परिजनों को सौंपा।
—
🔹 केस क्रमांक 02
चक्रधरनगर पुलिस ने गुम नाबालिग बालिका को कोरबा से किया दस्तयाब, आरोपी जेल भेजा
थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 410/2025 धारा 137(2) बीएनएस के तहत दर्ज प्रकरण में 01 फरवरी 2026 को आरोपी खीरसागर चौहान (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर नाबालिग बालिका को उसके कब्जे से बरामद किया गया। आरोपी द्वारा शादी का झांसा देकर बालिका को भगाने की पुष्टि पर धारा 87, 64(2) बीएनएस एवं 6 पॉक्सो एक्ट जोड़ी गई और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
—
🔹 केस क्रमांक 03
धरमजयगढ़ में शादी का झांसा देकर नाबालिग को भगाने वाला युवक गिरफ्तार
थाना धरमजयगढ़ के अपराध क्रमांक 383/2025 में आरोपी रोशन बसोड़ (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर नाबालिग बालिका को बरामद किया गया। प्रकरण में धारा 64(2) बीएनएस एवं 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई कर आरोपी को जेल भेजा गया।
—
🔹 केस क्रमांक 04
पुसौर पुलिस ने सहेली के घर गई नाबालिग बालिका को सकुशल किया बरामद
थाना पुसौर के अपराध क्रमांक 18/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत दर्ज प्रकरण में बालिका को सरिया थाना क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया गया। जांच में सामने आया कि बालिका परिजनों से नाराज होकर सहेली के घर गई थी।
👉 एसएसपी का संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि
“ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुम नाबालिगों एवं गुम इंसानों की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। अभिभावक बच्चों से मित्रवत व्यवहार रखें, उनकी गतिविधियों और सोशल मीडिया संपर्कों पर नजर रखें। नाबालिगों से जुड़े अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या रियायत नहीं बरती जाएगी। दोषियों को त्वरित गिरफ्तारी कर कठोर दंड दिलाया जाएगा।”
























