रायगढ़: एसएसपी शशि मोहन सिंह ने “आशा प्रशामक देखभाल गृह” पहुंचकर वृद्धजनों को दी होली की शुभकामनाएं

रायगढ़। होली पर्व के पहले वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह ने थाना जूटमिल क्षेत्र स्थित वरिष्ठजनों के देखभाल केंद्र “आशा प्रशामक देखभाल गृह” पहुंचकर वहां रह रहे वृद्धजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों का कुशलक्षेम जाना और उन्हें होली पर्व की शुभकामनाएं दीं।

एसएसपी के आश्रम पहुंचने पर सेवा कार्य में लगे युवाओं और आश्रम स्टाफ ने उनका आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने बताया कि यह आश्रम रायगढ़ की संस्था “रिहैब फाउंडेशन” द्वारा संचालित किया जा रहा है, जिसे पिछले कई वर्षों से श्रीमती जस्सी फिलिप्स की देखरेख में संचालित किया जा रहा है। यह संस्था छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग से मान्यता प्राप्त है।

श्रीमती जस्सी फिलिप्स ने जानकारी दी कि विशेष अवसरों और त्योहारों पर प्रशासन, पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी आश्रम पहुंचकर यहां रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात करते हैं। उन्होंने एसएसपी के आश्रम पहुंचने पर आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग की सीनियर सिटीजन सेल बुजुर्गों की सुरक्षा, कानूनी सहायता और उनके कल्याण के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज में कई संस्थाएं वरिष्ठ नागरिकों के हित में कार्य कर रही हैं, लेकिन अपने बुजुर्गों की देखभाल करना हर व्यक्ति की पहली जिम्मेदारी है।

बातचीत के दौरान आश्रम प्रबंधन ने एक बुजुर्ग महिला का आधार कार्ड उनके परिजनों द्वारा नहीं दिए जाने की जानकारी दी। इस पर एसएसपी ने तत्काल थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह को संबंधित महिला को आधार कार्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने कहा कि रायगढ़ पुलिस आगे भी हर त्योहार समाज के हर वर्ग के साथ मिलकर मनाएगी और वरिष्ठ नागरिकों की सहायता के लिए पुलिस हमेशा तत्पर रहेगी। उन्होंने जिले में संचालित सीनियर सिटीजन सेल के माध्यम से किसी भी समस्या या शिकायत होने पर पुलिस से संपर्क करने की अपील की।

इस दौरान थाना प्रभारी जूटमिल अभिनव कांत सिंह सहित थाना जूटमिल का स्टाफ भी उपस्थित रहा।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment