रायगढ़: ‘हम पुलिस हैं… आधार दिखाओ’—और इसी बहाने वृद्धा के गले से झपट ली सोने की माला ,दो आरोपी गिरफ्तार, ₹1.35 लाख की संपत्ति जब्त…

रायगढ़, 8 मार्च 2026। शहर में खुद को पुलिसकर्मी बताकर वृद्ध महिला से सोने की माला झपटने वाले दो आरोपियों को चक्रधरनगर पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की माला और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी समेत लगभग 1 लाख 35 हजार रुपये की संपत्ति बरामद कर जब्त की है।

मामला थाना चक्रधरनगर क्षेत्र का है। ग्राम सम्बलपुरी निवासी रेशमी निषाद ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी दादी रामकुंवर निषाद के साथ सम्बलपुरी से परसदा चंद्रपुर जाने के लिए बस से निकले थे। सिग्नल चौक के पास उतरने के बाद दोनों पैदल सारंगढ़ बस स्टैंड की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान स्कूटी क्रमांक CG 13 AT 9561 में सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए किसी हादसे के संबंध में पूछताछ करने लगे। आरोपियों ने आधार कार्ड जांच के बहाने बातचीत शुरू की और इसी बीच वृद्धा के गले में पहनी सोने की माला झपटकर स्कूटी से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू की। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिन्हें पीड़िता और उसकी पोती को दिखाया गया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदेहियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में चमार सिंह यादव (55 वर्ष) निवासी नवागढ़ राजापारा रायगढ़ ,रामकुमार नायक (40 वर्ष) निवासी मधुवन पारा, सिटी कोतवाली रायगढ़ शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से काले मोती लगी सोने की माला, 14 नग सोने की फोकली, 01 सोने का पदक तथा वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है, जिसकी कुल कीमत लगभग 1.35 लाख रुपये बताई जा रही है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 86/2026 धारा 304, 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि झपटमारी और उठाईगिरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाया जा रहा है तथा ऐसे आरोपियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment