रायपुर: पीएम किसान की 22वीं किस्त आज होगी जारी, छत्तीसगढ़ के 24.71 लाख किसानों को मिलेंगे 498.83 करोड़

रायपुर, 13 मार्च 2026। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज असम के गुवाहाटी से आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त देशभर के किसानों के खातों में जारी करेंगे। डीबीटी के माध्यम से देश के लगभग 9.32 करोड़ किसानों को कुल 18 हजार 650 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की जाएगी।

इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत छत्तीसगढ़ के 24 लाख 71 हजार 498 किसानों के खातों में लगभग 498 करोड़ 83 लाख रुपये की राशि सीधे भेजी जाएगी। इस योजना का लाभ राज्य के 2 लाख 92 हजार वन पट्टाधारी किसानों और 37 हजार 400 विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) के किसानों को भी मिल रहा है।

प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम से छत्तीसगढ़ के किसान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद कृषि महाविद्यालय, जोरा में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जहां जनप्रतिनिधि और किसान इस आयोजन में शामिल होंगे।

कृषि विभाग के अनुसार पीएम किसान उत्सव के अवसर पर राज्य की विभिन्न ग्राम पंचायतों में किसान बैठकों का आयोजन किया जाएगा और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा, ताकि किसान सीधे इस कार्यक्रम से जुड़ सकें।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत फरवरी 2019 में हुई थी। योजना लागू होने के बाद से अब तक छत्तीसगढ़ के किसानों को 11 हजार 283 करोड़ 9 लाख रुपये से अधिक की राशि प्रदान की जा चुकी है।

केंद्र सरकार की इस योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि 2-2 हजार रुपये की तीन किश्तों में हर चार माह के अंतराल पर डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में भेजी जाती है।

योजना के अंतर्गत भू-अभिलेख में दर्ज एकल और संयुक्त खाता धारक किसान परिवार, वन अधिकार पट्टाधारी किसान तथा विशेष पिछड़ी जनजाति के किसान भी लाभ पाने के पात्र हैं।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment