रायपुर, 21 मार्च 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सरगुजा और सूरजपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। वे सरगुजा संभाग मुख्यालय अम्बिकापुर में संभाग स्तरीय ‘सरगुजा ओलंपिक 2026’ और ‘राज्य स्तरीय तिलहन-किसान मेला 2026’ का उद्घाटन करेंगे, वहीं सूरजपुर जिले के कुदरगढ़ में ‘कुदरगढ़ महोत्सव 2026’ का शुभारंभ करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10:30 बजे रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर 11:50 बजे अम्बिकापुर पहुंचेंगे और दोपहर 12 बजे पीजी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित सरगुजा ओलंपिक 2026 का शुभारंभ करेंगे। यह आयोजन 21 से 23 मार्च तक चलेगा, जिसमें 12 खेल विधाओं में सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों के 2000 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे।
प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, तीरंदाजी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी, कुश्ती, दौड़, बैडमिंटन और रस्साकसी सहित कई खेल शामिल हैं। विजेता खिलाड़ियों को राज्य की खेल अकादमियों में सीधे प्रवेश और ‘यूथ आइकॉन’ के रूप में सम्मानित किया जाएगा।
इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:40 बजे अम्बिकापुर स्थित राजमोहिनी देवी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र में आयोजित दो दिवसीय तिलहन-किसान मेला 2026 का उद्घाटन करेंगे। यह मेला कृषि विभाग और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल-ऑयलसीड्स के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है।
कुदरगढ़ महोत्सव में 185 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दोपहर 2:40 बजे अम्बिकापुर से रवाना होकर 3 बजे सूरजपुर जिले के कुदरगढ़ पहुंचेंगे, जहां वे कुदरगढ़ महोत्सव 2026 का शुभारंभ करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जिलेवासियों को 185 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से जुड़े 76 विकास कार्यों की सौगात देंगे, जिसमें 52 कार्यों का लोकार्पण और 24 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री शाम 4:20 बजे कुदरगढ़ से रवाना होकर 5:35 बजे रायपुर वापस लौटेंगे।
—




















