रायपुर, 20 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता तथा सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) सहित कुल 5000 पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन शीघ्र जारी किया जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया के संचालन के लिए छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) को अधिकृत किया गया है। विभाग द्वारा विज्ञापन संबंधी सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर प्रपत्र व्यापम को उपलब्ध करा दिए गए हैं। चयन प्रक्रिया लिखित परीक्षा के माध्यम से संपन्न होगी।
राज्य सरकार ने फरवरी 2026 से भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करने की तैयारी की है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर यह कदम प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के उद्देश्य से उठाया गया है। इससे न केवल शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि हजारों युवाओं को रोजगार का अवसर भी प्राप्त होगा।
भर्ती में विभिन्न श्रेणियों के पद शामिल किए गए हैं, जिससे अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा। भर्ती प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश जल्द जारी किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि शिक्षक सीधी भर्ती 2023 के अंतर्गत सहायक शिक्षक पद के पांचवें चरण में, माननीय न्यायालय के निर्देशानुसार सेवा समाप्त किए गए 2621 बी.एड. अर्हताधारियों के स्थान पर डी.एड. अर्हताधारी अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर प्रदान किया गया है।




















