जशपुरनगर, 28 जनवरी 2026/ दमेरा पिकनिक स्पॉट क्षेत्र में स्वच्छता एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा नियमित गश्त की जा रही है। इस संबंध में आबकारी अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि दमेरा पिकनिक स्पॉट में सार्वजनिक स्थल पर मदिरापान की शिकायत प्राप्त होने के पश्चात जांच कराई गई।
जांच आबकारी उपनिरीक्षक, वृत्त जशपुर द्वारा की गई, जिसमें प्राप्त जांच प्रतिवेदन के अनुसार आबकारी टीम द्वारा समय-समय पर दमेरा पिकनिक स्पॉट एवं उसके आसपास क्षेत्र में गश्त की जाती रही है।
इसी क्रम में दिनांक 22 जनवरी 2026 को सार्वजनिक स्थल दमेरा पिकनिक स्पॉट के समीप मदिरापान करते पाए जाने पर दो आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 36 (च) (1) के अंतर्गत प्रकरण कायम कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
आबकारी अधिकारी ने बताया कि आगे भी इस क्षेत्र में आबकारी अमले द्वारा निगरानी एवं गश्त को और अधिक सघन किया जाएगा, ताकि सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासन एवं स्वच्छता बनी रहे।
























