जशपुर, 03 फरवरी 2026/ थाना बगीचा क्षेत्रांतर्गत घटित एक गंभीर एवं संवेदनशील आपराधिक प्रकरण में जशपुर पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 03.02.2026 को थाना बगीचा में एक पीड़िता द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने तत्परता से मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया कि घटना दिनांक 02.02.2026 की रात्रि के दौरान थाना बगीचा क्षेत्र के अंतर्गत घटित हुई थी।
पुलिस विवेचना में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी द्वारा पीड़िता को बहला-फुसलाकर सुनसान स्थान पर ले जाया गया, जहां उसके साथ गंभीर आपराधिक कृत्य किया गया। घटना के समय आरोपी का एक सहयोगी मौके के बाहर निगरानी की भूमिका में मौजूद था। परिजनों के घटनास्थल के निकट पहुंचने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना बगीचा पुलिस द्वारा बीएनएस की धारा 137(2), 70(2) एवं विशेष अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को उनके निवास स्थान से हिरासत में लिया। पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
इस कार्रवाई में थाना बगीचा के सहायक उप निरीक्षक राजकुमार पैंकरा, उमेश प्रभाकर, नरेंद्र मिंज, प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह एवं आरक्षक अरुण राम की सराहनीय भूमिका रही।
इस संबंध में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस इस प्रकार के गंभीर अपराधों को लेकर पूरी तरह गंभीर है और ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
























