दूरस्थ क्षेत्रों में सतत् रूप से भ्रमण कर शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने सक्रिय रूप से करें कार्य : कलेक्टर श्री व्यास ,कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा

जशपुरनगर, 20 जनवरी 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज कलेक्टरेट सभाकक्ष में ग्राम पंचायतों में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी योजनाओं की अद्यतन प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्त कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार एवं सहायक कलेक्टर श्री अनिकेत अशोक विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर श्री व्यास ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों का सतत् रूप से भ्रमण कर शासकीय योजनाओं के संबंध में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के साथ ही सक्रिय रूप से कार्य करें, ताकि जानकारी के अभाव में कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
     बैठक के दौरान कलेक्टर ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा आम नागरिकों को इसके लाभों की समुचित जानकारी देने के निर्देश दिए, जिससे अधिक से अधिक लोग योजना से जुड़ सकें। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने ओडीएफ प्लस मॉडल, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, गांवों में कचरा संग्रहण व्यवस्था, हाट-बाजारों की नियमित साफ-सफाई, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों का निर्माण, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट तथा स्वच्छता श्रमदान की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
       महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बचे हुए रिक्त कार्यकर्ता एवं सहायिका पदों की भर्ती शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही पीएम जनमन योजना अंतर्गत निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों एवं शौचालयों के निर्माण कार्य को समय-सीमा में पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। बैठक में उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि राशन कार्ड, पेंशन योजनाओं एवं महतारी वंदन योजना के ऐसे हितग्राहियों, जिनका निधन हो चुका है, उनके नाम संबंधित अभिलेखों से शीघ्र हटाए जाएं। साथ ही उन्होंने संदिग्ध राशन कार्डों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, जिसमें जांच, डुप्लीकेट कार्ड रद्द करना, और अपात्र लोगों के नाम हटाना शामिल है, ताकि  केवल वास्तविक और जरूरतमंद लोगों को ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिले।
    राष्ट्रीय आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री व्यास ने स्व-सहायता समूहों में महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने, लंबित बैंक लिंकेज कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा महिलाओं द्वारा संचालित उद्यमों को ऋण वितरण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। साथ ही पात्र हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने  स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभ दिलाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने को कहा, जिससे महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। बैठक में जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment