अफवाहों पर लगाम! जशपुर में फ्यूल-गैस की कोई कमी नहीं, कलेक्टर ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

जशपुर, 30 मार्च 2026। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने जिले के आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि जशपुर में पेट्रोल, डीजल, घरेलू गैस एवं उर्वरक की किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि लोग किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।

कलेक्टर ने शनिवार को कलेक्टोरेट में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए थे। इसके तहत जिला कलेक्टर कार्यालय की खाद्य शाखा में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, ताकि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।

खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत गैस बुकिंग नियमित रूप से हो रही है और समय-सीमा में वितरण भी सुनिश्चित किया जा रहा है। वहीं जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर भी पर्याप्त मात्रा में ईंधन की नियमित आपूर्ति जारी है।

प्रशासन ने आम उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि यदि पेट्रोल, डीजल या घरेलू गैस की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की समस्या आती है, तो वे राज्य स्तरीय कॉल सेंटर नंबर 1800-233-3663 या 1967 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम नंबर 0771-2511975 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

जिला स्तर पर भी सहायता के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका नंबर 9244011192 है। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा है कि किसी भी भ्रामक सूचना से बचें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment