जशपुर में जन्म-मृत्यु पंजीयन में देरी पर सख्ती, लंबित प्रकरण 31 मार्च तक निपटाने के निर्देश

जशपुरनगर, 24 मार्च 2026। जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय जशपुर के उप संचालक एवं जिला रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु) ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को पत्र जारी कर जन्म-मृत्यु पंजीयन में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताई है। पत्र में बताया गया है कि अगस्त 2025 से सितम्बर 2025 के बीच हड़ताल अवधि में हुई जन्म एवं मृत्यु की घटनाओं के विलंबित पंजीयन की प्रक्रिया अत्यंत धीमी गति से चल रही है।

उल्लेख किया गया है कि सीएमएचओ के अधीन सामुदायिक, प्राथमिक एवं उप स्वास्थ्य केन्द्रों में पदस्थ रजिस्ट्रार एवं उप रजिस्ट्रार द्वारा नियमानुसार समय-सीमा में पंजीयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। सामान्य परिस्थितियों में विलंब पंजीयन की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए, हालांकि हड़ताल के कारण विशेष परिस्थितियों को देखते हुए विलंब पंजीयन की अनुमति दी गई थी।

उप संचालक एवं जिला रजिस्ट्रार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी संबंधित पंजीयन इकाइयों को तत्काल निर्देशित कर लंबित प्रकरणों का ऑनलाइन आवेदन 31 मार्च 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि निर्धारित तिथि के बाद किसी भी प्रकार के विलंबित पंजीयन आदेश जारी नहीं किए जाएंगे।

प्रशासन ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया है कि लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण कर पंजीयन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और समयबद्ध बनाया जाए, ताकि आम नागरिकों को आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध हो सकें।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment