जशपुर, 8 मार्च 2026। जिले में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत कृषि यंत्रों तथा नवीन खेती पद्धतियों की जानकारी देने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा आयोजित किया जाने वाला “कृषि क्रांति एक्सपो” फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यह आयोजन 8 मार्च 2026 से प्रारंभ होना प्रस्तावित था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से इसे अगली सूचना तक टाल दिया गया है।
कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक्सपो में आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन, नवीन तकनीकों की जानकारी, कृषि विशेषज्ञों के व्याख्यान, प्रशिक्षण कार्यक्रम और विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा कृषि आधारित प्रदर्शनी आयोजित की जानी थी। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य किसानों को नई तकनीकों से जोड़कर उनकी उत्पादकता और आय में वृद्धि के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के दौरान जिले के किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए कई प्रतियोगिताएं भी प्रस्तावित की गई हैं, जिनमें चयनित किसानों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें प्रमुख रूप से उत्कृष्ट किसान प्रतियोगिता, उत्कृष्ट मत्स्य पालक किसान प्रतियोगिता, उत्कृष्ट बीज संरक्षक किसान प्रतियोगिता, उन्नत बीज उत्पादक किसान प्रतियोगिता तथा नवाचार करने वाले प्रगतिशील किसानों का चयन शामिल है।
विभाग ने बताया कि किसान प्रतियोगिताओं के लिए आवेदन प्रक्रिया अभी भी जारी है। इच्छुक किसान अपने विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी (SADO) कार्यालय, कृषि विस्तार अधिकारी या संबंधित कृषि कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर निर्धारित जानकारी के साथ जमा कर सकते हैं।
कृषि विभाग ने बताया कि कृषि क्रांति एक्सपो की नई तिथि जल्द घोषित की जाएगी। जिले के सभी किसानों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिताओं के लिए आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाएं।




















